कुरसेला थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेट हाईवे-77 के किनारे स्थित मक्का गोदाम से हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन चोरों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से 44 हजार नकद एवं एक पिकअप वाहन बरामद किया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अप्राथमिकी अभियुक्त धर्मवीर कुमार यादव, थाना अररिया, जिला खगड़िया, संजीव कुमार, भवानीपुर थाना नवगछिया, जिला भागलपुर तथा रंजन कुमार, थाना नवगछिया, जिला भागलपुर निवासी के रूप में की गई है।
बता दे कि बीते 6 जनवरी की देर रात स्टेट हाईवे-77 के समीप मक्का व्यवसायी कैलाश भगत के मक्का गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरों ने गोदाम के अंदर पिकअप वाहन घुसाकर करीब दो पिकअप मक्का लोड कर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पीड़ित मक्का व्यवसायी कैलाश भगत ने कुरसेला थाना में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में पुलिस ने चोरी में शामिल तीनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
Post a Comment