Top News

6 बच्चों की माँ को मार कर भूसा घर मे छुपाया,1 साल पूर्व पति की हुई थी मौत

मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भतखोड़ा पंचायत के भैरोपट्टी वार्ड संख्या 14 में मंगलवार की सुबह एक विधवा महिला का शव भूसा घर से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने भैरोपट्टी के वार्ड संख्या 14 स्थित एक भूसा घर से तेज दुर्गंध आने पर अंदर झांककर देखा, जहां एक महिला का शव पड़ा हुआ था। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना मुरलीगंज थाना पुलिस को दी गई। वहीं मृतका की पहचान भैरोपट्टी वार्ड संख्या 14 निवासी 31 वर्षीय हिना खातून के रूप में हुई है, जो मरहूम अजाबुल उर्फ बबलू की पत्नी थीं। सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की देवरानी नजराना खातून ने बताया कि शनिवार की रात हिना खातून अपने पांच बच्चों के साथ घर के सामने बने मचान पर सो रही थीं। रविवार की सुबह भतीजी शहनाज प्रवीण ने बताया कि गांव के ही दो युवक आधी रात चार पहिया वाहन से आए और हथियार के बल पर हिना खातून को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए।
पहले से दर्ज थी गुमशुदगी

मृतका के पिता कुमारखंड थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चंडीस्थान वार्ड 6 निवासी मो. आलम ने इस मामले में मुरलीगंज थाना में गुमशुदगी को लेकर सनहा दर्ज कराया था। उन्होंने आवेदन में बताया था कि उनकी विधवा पुत्री हिना खातून 3 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे से अपने ससुराल भैरोपट्टी वार्ड 14 से लापता हैं। गुमशुदगी के आवेदन में हिना खातून की पहचान बादामी रंग के सूट-सलवार में, गोरा-गेहुआ रंग, करीब 5 फीट 4 इंच लंबाई, मध्यम कद-काठी तथा दाढ़ी के पास काले रंग के तिल के निशान के रूप में बताई गई थी।
दस महीने पहले हुआ था पति का निधन

ग्रामीणों के अनुसार हिना खातून काफी मिलनसार और शांत स्वभाव की महिला थीं। करीब दस महीने पूर्व उनके पति का बीमारी के कारण निधन हो चुका था। पति की मौत के बाद वह मेहनत-मजदूरी कर अपने छह बच्चों की परवरिश कर रही थीं। घर में कोई पुरुष सदस्य नहीं था और दोनों देवर करीब पांच माह से बाहर प्रदेश में मजदूरी कर रहे हैं।

छह बच्चों को छोड़ गई हिना

हिना खातून अपने पीछे छह बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें 16 वर्षीय मेहरबानो, 14 वर्षीय सहरबानो, 11 वर्षीय मो. आजम, 9 वर्षीय जुड़वां उजालाबानो व गजालाबानो तथा 5 वर्षीय अजमेरीबानो शामिल हैं।
फोरेंसिक जांच, दोषियों की तलाश

घटना की गंभीरता को देखते हुए मधेपुरा के एएसपी प्रवेंद्र भारती भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि महिला बीते दो दिनों से लापता थी और मंगलवार को उसका शव बरामद किया गया है। जिन लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, उनकी भूमिका की गहन जांच की जा रही है। दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
मामले में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल की जांच की गई है और हर पहलू से मामले की छानबीन की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post