Top News

एसएसबी जवानों ने मवेशी तस्करी किया नाकाम, तीन गाय व एक बैल जब्त

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात 12वीं बटालियन, पैकटोला एसएसबी के जवानों ने मंगलवार को मवेशी तस्करी के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए तस्करों की मंशा पर पानी फेर दिया। यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 154/1 के समीप की गई, जहां नेपाल की ओर से अवैध रूप से मवेशी भारत लाए जा रहे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, तस्कर अंधेरे और सुबह के कुहासे का फायदा उठाकर मवेशियों को सीमा पार कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सतर्क एसएसबी जवानों ने संदिग्ध गतिविधि को भांपते हुए त्वरित कार्रवाई की। हालांकि, घने कुहासे और सीमावर्ती इलाके की भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे, लेकिन जवानों ने तीन गाय और एक बैल को जब्त करने में सफलता हासिल की। 
इस संबंध में एसआई जीडी आनंद सिंह एवं एएसआई जीडी तिलक ढुंगेल ने बताया कि तस्कर नेपाल की ओर से मवेशियों को भारत ला रहे थे। सुबह के समय अत्यधिक कुहासा होने के कारण तस्करों की पहचान कर उन्हें पकड़ना संभव नहीं हो सका, परंतु जवानों की मुस्तैदी से मवेशियों को सुरक्षित रूप से कब्जे में ले लिया गया।
जब्त किए गए मवेशियों को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु टेढ़ागाछ थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। इस मामले में टेढ़ागाछ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जिसका एफआईआर संख्या 05/26 है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
गौरतलब है कि भारत–नेपाल सीमा क्षेत्र में मवेशी तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। एसएसबी द्वारा की जा रही इस तरह की सतर्क और सख्त कार्रवाई से तस्करों में भय का माहौल है तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिल रही है। स्थानीय लोगों ने भी एसएसबी की इस कार्रवाई की सराहना की है और सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post