Top News

फाइनेंस कंपनी का कलेक्शन एजेंट ही निकला लूट का मास्टरमाइंड

 


पूर्णिया/सिटीहलचल न्यूज़

भारत फाइनेंस कंपनी के कसबा ब्रांच में हुई लूटपाट की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। लूट का मास्टरमाइंड कलेक्शन एजेंट ही निकला। एजेंट ने लूट की सोची समझी साजिश के तहत पूरी प्लानिंग के तहत इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने शातिर कलेक्शन एजेंट के पास से लूटी गई 38 हजार रूपए और लूटी गई मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पकड़े गए शातिर की पहचान कसबा थाना क्षेत्र के कोला नारायणपुर गांव निवासी बबलू कुमार के रूप में हुई है।


बबलू भारत फाइनेंस कंपनी के कसबा ब्रांच में बतौर कलेक्शन एजेंट कार्यरत था। घटना के संबंध में सदर 2 एसडीपीओ विमलेन्दु कुमार ने बताया कि भारत फाइनेंस कंपनी के कसबा ब्रांच में बीते 4 जनवरी को लूट हुई थी। इस मामले में फाइनांस कंपनी के एजेंट बबलू कुमार ने ही 96,999 रुपए की लूट की घटना को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गई थी। लिखित शिकायत पर पुलिस हरकत में आई और मामले की छानबीन शुरू की गई। जिसके बाद कई सबूत कलेक्शन एजेंट के खिलाफ निकले। छानबीन के बाद पुलिस ने कंपनी के एजेंट की संलिप्तता को उजागर हुई।

जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कस्टडी में कलेक्शन एजेंट ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और लूट की राशि और मोबाइल की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने कसबा कोला नारायणपुर गांव स्थित घर से लूटी गई मोबाइल और लूट की रकम में से 38 हजार रुपया बरामद किया। इसकी निशानदेही पर घटनाक्रम में शामिल अधांग गांव निवासी कौशल किशोर को भी पुलिस ने धर दबोचा।फिलहाल कलेक्शन एजेंट की निशानदेही पर घटनाक्रम में शामिल बाकी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post