Top News

बड़ा ईदगाह एवं मजगामा हाट को नया प्रखंड बनाने का प्रस्ताव अधर में

 

अमौर/सनोज

पूर्णियाँ: अमौर विधान सभा क्षेत्र में प्रस्तावित दो नये प्रखंडों के सृजन का प्रस्ताव वर्षों से लम्बित  है । इस विधान सभा क्षेत्र में बड़ा ईदगाह एवं मजगामा हाट को नये प्रखंड बनाने का प्रस्ताव सर्वप्रथम दिसम्बर 2004 को पूर्णिया जिला परिषद् की बैठक में प्रस्तावित किया गया था । बैठक में  तत्कालिन जिला परिषद अध्यक्ष सबा जफर ने सदस्यों की सहमति से जनहित में उपयोगी मानते हुए प्रस्ताव पर स्वीकृति की मोहर लगाकर पारीत किया था तथा प्रस्तावों का अनुमोदन कर राज्य सरकार को भेजा गया था । इसमें अमौर प्रखंड के 25 पंचायतों में से बाड़ा ईदगाह, झौवारी, अधांग, तियरपाड़ा, बंगरा मेहदीपूर, मझुवा हाट, आमगाछी, बकेनिया बरेली, बरबट्टा पंचायत को लेकर बाड़ा ईदगाह प्रखंड सृजन किये


जाने तथा अमौर प्रखंड के तीन पंचायत तालबाड़ी, डौहुआबाड़ी एवं दलमालपूर पंचायत को बैसा प्रखंड में जोड़ कर, बैसा प्रखंड के 16 पंचायतों में से बलुवा गोस्तरा, कंजिया, चंदेल, चंदवार, मझोक, मोंगरा प्याजी, धुसमल, खपड़ा, सिरसी पंचायत को लेकर मजगामा प्रखंड बनाने का प्रस्ताव पारित  किया गया था । इस प्रस्ताव पर बल देते हुए तत्कालीन किशनगंज सांसद मो तसलीम उद्दीन ने कहा था कि इन दोनों प्रखंडों के सृजन से इस पिछड़े विधान सभा क्षेत्र में विकास की नई किरण फुटेगी और क्षेत्र की बदहाली दूर होगी । यह प्रस्ताव पारीत होने के 19 साल से अधिक की अवधि गुजरने के बाद भी लम्बित है । अमौर विधान सभा क्षेत्र में दो नये प्रखंड सृजन के प्रस्ताव पर मार्च 2015 में प्रखंड में आयोजित पंचायत समिति की बैठक में चर्चा हुई थी, जिसमें बरबट्टा पंचायत को बाड़ा ईदगाह प्रखंड में शामिल किये जाने पर पंचायत मुखिया गुलाम अजहर ने आपत्ति प्रकट की थी और उक्त पंचायत को अमौर प्रखंड में ही रखने का प्रस्ताव सदन में दिया था 

सदन में बरबट्टा पंचायत के स्थान पर मच्छटा पंचायत को बड़ा ईदगाह प्रखंड में जोड़ने का विचार किया गया किन्तु मच्छटा पंचायत के मुखिया व समिति सदस्य ने भी आपति प्रकट करते हुए अमौर प्रखंड में ही पंचायत को रखने का प्रस्ताव सदन में दिया गया था । इस प्रकार सदस्यों  की सहमति नहीं होने के कारण यह प्रस्ताव सदन में अधूरा रह गया तथा प्रस्तावित नये प्रखंडों के सृजन का प्रस्ताव अनुमोदन नहीं हो सका और अधर में लटक कर रह गया। क्षेत्र की जनता ने अमौर विधान सभा क्षेत्र में जिला परिषद पूर्णिया द्वारा प्रस्तावित बाड़ा ईदगाह व मजगामा हाट दो नये प्रखंडों सृजन पर स्वीकृति की मोहर लगाने अनुरोध विहार सरकार से की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post