बिहार के पूर्णिया जिले के के.नगर स्थित एक इथनॉल फैक्ट्री में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम के दौरान एक मजदूर के ऊपर चावल से भरा भारी बोरा गिर गया, जिससे वह उसके नीचे दब गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान बुधो मुनि के रूप में हुई है, जो सरसी थाना क्षेत्र के चम्पावती गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब सात महीने से परोरा स्थित इथनॉल फैक्ट्री में काम कर रहा था। मृतक 2 बच्चों का पिता था, जिसके सर से पिता का साया उठ गया।
घटना के बाद परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मजदूरों से बिना किसी सेफ्टी किट और सुरक्षा व्यवस्था के काम कराया जा रहा था, जो इस हादसे का बड़ा कारण बना। परिजनों का यह भी आरोप है कि हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने बिना सूचना दिए शव को पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में रखवा दिया और मौके से चले गए।
मजदूर की मौत की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने फैक्ट्री संचालक के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की है। लोगों का कहना है कि घटना के बाद फैक्ट्री का कोई भी प्रतिनिधि अब तक परिजनों से मिलने नहीं पहुंचा है। इससे पूर्व भी फैक्ट्री में घटना घट चुकी है और मजदूरों की मौत हो चुकी है।
इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।
Post a Comment