कोढ़ा थाना क्षेत्र में नए थानाध्यक्ष के रूप में पंकज प्रताप ने पदभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने साफ संकेत दे दिया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। खासकर शराब तस्करी और स्मैक के अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और आम जनता को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की जिम्मेदारी है। कोढ़ा गैंग के आतंक को खत्म करना भी उनकी प्राथमिकता हैं।
नए थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करों और नशा कारोबारियों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही असामाजिक तत्वों पर भी पैनी नजर रखी जाएगी ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दें।
इधर, नगर पंचायत के मुख्य पार्षद ने पंकज प्रताप का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में कोढ़ा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी नए थानाध्यक्ष के प्रति विश्वास व्यक्त किया है और क्षेत्र में शांति एवं विकास की उम्मीद जताई है।
Post a Comment