Top News

मिट्टी लदी ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत



कटिहार/सिटिहलचल न्यूज़


कुरसेला। थाना क्षेत्र के कुरसेला बस्ती से बल्थी महेशपुर गांव जाने वाली ग्रामीण सड़क पर शनिवार की दोपहर मिट्टी लोड ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। जिसमें दबकर ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। मृतक ट्रैक्टर चालक विभास कुमार 25 वर्ष बल्थी महेशपुर गांव निवासी विलो साह का पुत्र था। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि चालक विभाष कुमार बल्थी महेशपुर निवासी मंगल साह के ट्रैक्टर से कोइली बुढ़िया धार के समीप से मिट्टी लेकर कुरसेला चौक आ रहा था।


इसी बीच रामपुरी कॉलेज के समीप अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। जिसमें दबने से चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड जुट गई। स्थानीय लोगों द्वारा आनन-फानन में गंभीर रूप से जख्मी चालक को पीएससी कुरसेला लाया गया। जहां से उसे परिजनों द्वारा कटिहार रेफर करवा लिया गया। कटिहार जाने के क्रम में देवीपुर के समीप उसकी मौत हो गई। मौत होने के बाद एंबुलेंस चालक मृतक के शव को लेकर जांच के लिए समेली सीएचसी ले गया।

जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने ट्रैक्टर को जप्त कर लिया और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया। मौत की घटना से ट्रैक्टर चालक के परिजनों में कोहराम मच गया।




Post a Comment

Previous Post Next Post