Top News

अवैध सवेरा नर्सिंग होम पर छापा, नवजात शिशु मिला, बिना डॉक्टर व लाइसेंस चल रहा था इलाज का खेल

भवानीपुर नगर पंचायत क्षेत्र में वर्षों से संचालित अवैध नर्सिंग होम पर मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। सूचना मिलने पर धमदाहा अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम के नेतृत्व में भवानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवीन कुमार उपरोझिया की टीम ने सवेरा नर्सिंग होम पर औचक छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। नर्सिंग होम में बिना किसी योग्य चिकित्सक और नर्स की उपस्थिति के एक नवजात शिशु को रखा गया था। साथ ही वहां आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का भी अभाव पाया गया। स्थिति को गंभीर मानते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के सहयोग से नवजात को तुरंत बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि सवेरा नर्सिंग होम कई वर्षों से बिना लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित हो रहा था। यहां मरीजों के इलाज के नाम पर नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी।
अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नर्सिंग होम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। साथ ही संबंधित संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे अन्य नर्सिंग होम संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post