भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र के सोनमा पंचायत अंतर्गत त्रिलोकी टोला निवासी एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना मीरगंज थाना क्षेत्र के नवटोलिया घरारी एसएच-65 के समीप हुई, जहां एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान सिंटू कुमार (25), पिता- शंकर मंडल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सिंटू कुमार अपने ससुराल जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मीरगंज थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाना भेज दिया और ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया।
सूचना मिलते ही परिजन थाना पहुंचे, जहां शव को देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के परिजन चंदन कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से सिंटू की मौके पर ही मौत हो गई।
मीरगंज थाना प्रभारी रोशन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। साथ ही जब्त ट्रैक्टर के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment