Top News

स्कूटी पर सवार होकर बड़े आराम से भारत में घुसा चीनी नागरिक

बिहार के अररिया जिले में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जोगबनी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चीनी नागरिक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करते हुए पकड़ा गया। हैरानी की बात यह रही कि वह नेपाली नंबर की स्कूटी पर सवार होकर बेहद आराम से सीमा पार करने की कोशिश कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 56वीं वाहिनी, बथनाहा क्षेत्र में तैनात ड्यूटी पार्टी ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान झोउ हुआन (जन्म: 20 जनवरी 1985, निवासी हुनान, चीन) के रूप में हुई।

इमिग्रेशन अधिकारियों के साथ संयुक्त जांच में सामने आया कि वह बिना किसी वैध वीज़ा के नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। पूछताछ के बाद आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जोगबनी थाना के हवाले कर दिया गया है, जहां उससे गहन पूछताछ जारी है।
एलपीआई प्रबंधक रत्नाकर यादव के अनुसार, आरोपी नेपाली नंबर की स्कूटी से प्रवेश कर रहा था, जिसे वह विराटनगर से अपने एक मित्र से लेकर आया था।
इस घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी संदिग्ध को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी जोगबनी क्षेत्र में कई चीनी नागरिकों की गिरफ्तारी हो चुकी है। नेपाल के सीमावर्ती इलाके मोरंग में चीनी नागरिकों का आना-जाना आम है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क रहती हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post