कोढ़ा / शंभु कुमार
कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत उत्तरी सिमरिया पंचायत के वार्ड नंबर 12 में सार्वजनिक काली अस्थान जाने वाली सड़क में 2020 में आए भारी बारिश में 20 मीटर लंबा पुल ध्वस्त हो गया था। जिसको लेकर ग्रामीणों ने कई बार आलाधिकारियों से इस पुल को बनाने का आग्रह किया था। पुल नहीं रहने के कारण ग्रामीणों ने अपने निजी कोष से चचरी पुल का निर्माण किया था, जो वर्तमान में जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। इस मामले को लेकर शिवाडीह निवासी राजा सांडिल्य ने जिला पदाधिकारी कटिहार से पुल निर्माण की मांग की थी,
परंतु विलंब होता देख जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को एक आवेदन देकर पुल निर्माण हेतु जानकारी की मांग की है। इसके संदर्भ में दिनांक 27 मई 2023 को परिवादी को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई गई जिसमें बताया गया है कि उक्त मामला ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल कटिहार से संबंधित है, जिसके आलोक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी से प्रतिवेदन प्राप्त हुआ है। जांच प्रतिवेदन के अनुसार यह पुल पंचायत राज उत्तरी सिमरिया के वार्ड नंबर 12 में अवस्थित है। इस पुल की लंबाई लगभग 12 मीटर है और चौड़ाई 4 मीटर है, जो पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। ग्राम पंचायत के मुखिया एवं पंचायत सचिव द्वारा बताया गया कि पुल निर्माण हेतु ग्रामसभा में लिया गया है तथा इसी वित्तीय वर्ष में पुल का निर्माण करा लिया जाएगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस वित्तीय वर्ष में पुल निर्माण हो पाता है या नहीं क्योंकि 3 वर्ष बीतने के पश्चात भी पुल का निर्माण नहीं हो पाया है। इस पुल से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण आवागमन करते हैं।


Post a Comment