Top News

ततमा टोली छठ घाट का विधायक ने किया पक्कीकरण की घोषणा

लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर पूर्णिया के ततमा टोला छठ घाट पर बिहार सरकार के कला संस्कृति विभाग की ओर से भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक विजय खेमका ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधायक ने पूजा समिति के अध्यक्ष योगेंद्र दास, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजीव झा एवं कार्यक्रम में शामिल कलाकारों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करने के बाद श्री राम सेवा संघ की ओर से भव्य गंगा आरती की प्रस्तुति की गई। इसके बाद नामचीन कलाकारों ने छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। घाट पर देर तक भक्तिमय माहौल बना रहा।

इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि छठ महापर्व लोकआस्था, श्रद्धा, शुद्धता, सेवा, सहयोग, सामाजिक समरसता और प्रकृति संरक्षण का अनुपम पर्व है। यह केवल अस्ताचलगामी और उदयीमान सूर्य की उपासना का पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, पहचान, आस्था और सामाजिक एकता का आधार है। छठ पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, परिवार के प्रति समर्पण, समाज में समरसता और जीवन में अनुशासन का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष छठ महापर्व पर केंद्र एवं बिहार सरकार के सहयोग से शहर से लेकर गांव तक साफ-सफाई और रंग-बिरंगी रोशनी की व्यवस्था की गई। चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट पर छठ गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। छठ हमारी लोकसंस्कृति की ऐसी विरासत है, जो समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में जोड़ती है।

विधायक ने कच्ची तालाब छठ घाट के विकास की चर्चा करते हुए घोषणा की कि आगामी वित्तीय वर्ष में तालाब का पक्कीकरण कराया जाएगा, ताकि छठ व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने में बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने गुलाबबाग चंदन नगर, विद्युत सबस्टेशन छठ घाट सहित विभिन्न छठ घाटों पर भी पहुंचकर श्रद्धालुओं से मुलाकात की और छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अन्य छठ स्थलों का भी चरणबद्ध तरीके से पक्कीकरण और विकास कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

वहीं, छठ महापर्व के अवसर पर विधायक विजय खेमका ने अपने आवास पर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि छठी मैया की कृपा से सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post