लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा मीरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर नगर पंचायत मीरगंज की मुख्य पार्षद मिकुल देवी ने कठिन निर्जला व्रत रखकर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। महापर्व के अंतिम दिन गुरुवार की सुबह व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया।
इस दौरान नगर पंचायत मीरगंज की कार्यपालक पदाधिकारी दीपा कुमारी एवं नगर पंचायत धमदाहा की कार्यपालक पदाधिकारी दिव्या मिश्रा ने भी पूरे विधि-विधान के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।
मुख्य पार्षद मिकुल देवी ने बताया कि उन्होंने मुखिया बनने की कामना को लेकर छठी मैया से मन्नत मांगी थी। मुखिया बनने के बाद से ही वह प्रत्येक वर्ष पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ छठ महापर्व करती आ रही हैं।
वहीं, मोहम्मद यूनुस उर्फ पूनम मुखिया ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ा था, तब उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। उस दौरान उन्होंने छठी मैया से मन्नत मांगी थी। इसके बाद से वह प्रत्येक वर्ष पूरी निष्ठा और आस्था के साथ छठ महापर्व का आयोजन करवाते हैं। छठ के दौरान वह दर्जनों गोताखोरों और नावों के साथ लिबरी कोशी में श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सहायता के लिए मौजूद रहते हैं।
नगर पंचायत मीरगंज की ओर से क्षेत्र के दर्जनों छठ घाटों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। घाटों पर की गई व्यवस्थाओं से श्रद्धालु संतुष्ट नजर आए। पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने में प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धमदाहा, अंचल अधिकारी धमदाहा, कार्यपालक पदाधिकारी दीपा कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी धमदाहा, थानाध्यक्ष आदित्य किरण सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मुस्तैदी से श्रद्धालुओं को घाटों पर बेहतर सुविधाएं मिलीं और पूरा महापर्व भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
Post a Comment