पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के काला सिंघिया गांव में लापता युवती का शव मिट्टी के नीचे दफन मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान परलाबाड़ी पंचायत के काला सिंघिया ईदगाह टोला निवासी जतालु की पुत्री मुस्कान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मुस्कान बीते शुक्रवार से लापता थी।
काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने शनिवार को पहाड़कट्टा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस संबंध में कांड संख्या 297/26 दर्ज किया गया था। रविवार दोपहर युवती का शव मिट्टी के नीचे दबा होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई कर शव को बाहर निकाला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ-2 मनोज कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंथ और पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया।
पुलिस प्रेम-प्रसंग समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आरोपित युवक वासिद आलम और उसके परिजन घर में ताला लगाकर फरार बताए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Post a Comment