Top News

मुंशी अमित भगत हत्याकांड में तीन गिरफ्तार, पिकअप और बाइक बरामद


जिले के कुआड़ी थाना क्षेत्र के पहुंसी पंचायत में दिनदहाड़े मुंशी अमृत कुमार भगत उर्फ अमित भगत की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नामजद अभियुक्त और एक अन्य आरोपित शामिल हैं। वहीं, मृतक के घर से निकलने की सूचना देने वाले लाइनर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप, फरार होने में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और दो खोखा बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे अमित भगत अपने चारपहिया वाहन से कुर्साकांटा की ओर जा रहे थे। महर्षि मेंहि कन्या प्रोजेक्ट प्लस टू उच्च विद्यालय पहुंसी के आगे चौक के समीप हमलावरों ने पहले पिकअप से उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद पिस्टल से लगातार दो गोलियां चला दीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कुआड़ी पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें पीएचसी कुर्साकांटा पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार, एसडीपीओ सुशील कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम से जांच कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया।

मृतक के भाई अमरनाथ भगत के बयान पर कुआड़ी थाना कांड संख्या 108/2026 के तहत नौ नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष विकास कुमार के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में पिकअप चालक वृक्ष लाल सिंह, पिता स्व. मोहन सिंह, निवासी पहुंसी तथा हत्या में सहयोगी लक्ष्मण सिंह, पिता सिट्टन सिंह शामिल हैं। इसके अलावा अरुण सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। उसकी उम्र को लेकर पहले नाबालिग होने की बात सामने आई थी, लेकिन स्कूल और अन्य दस्तावेजों की जांच में बालिग होने की पुष्टि हुई।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, इस बिंदु पर अनुसंधान जारी है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी समेत अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसआइटी लगातार छापेमारी कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post