Top News

पुल बना, रास्ता नहीं! चार-पांच साल से अधूरा सिद्धना-सोनातला पुल, 15 किलोमीटर घूमकर जाने को मजबूर ग्रामीण


बलरामपुर प्रखंड बलरामपुर के सिद्धना से सोनातला को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण पुल का निर्माण पिछले चार-पांच वर्षों से अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य बंद रहने और दोनों ओर एप्रोच सड़क नहीं बनने के कारण पुल का लाभ अब तक ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। लंबे समय से निर्माण कार्य और देखरेख नहीं होने के कारण पुल की संरचना भी धीरे-धीरे जर्जर होने लगी है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, पुल निर्माण का शिलान्यास होने के बाद क्षेत्र के लोगों में आवागमन की समस्या दूर होने की उम्मीद जगी थी। पुल बन जाने से सिद्धना से सोनातला होते हुए प्रखंड मुख्यालय बलरामपुर पहुंचने का सीधा रास्ता उपलब्ध हो जाता। वर्तमान में ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के लिए करीब 12 से 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। वहीं, सोनातला के लोगों को उम्मीद थी कि पुल बनने से बारसोई बाजार और रंगामटिया की दूरी भी कम हो जाएगी।

लेकिन विडंबना है कि चार-पांच वर्षों से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। पुल के दोनों ओर एप्रोच सड़क नहीं बनने के कारण इसका उपयोग शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ एप्रोच सड़क निर्माण के लिए निजी जमीन उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से जमीन मालिकों से बातचीत कर इस समस्या का समाधान अब तक क्यों नहीं निकाला गया?

ग्रामीण मंजू मुर्मू, साहेब मुर्मू, प्रताप सिंह, नीरू मुर्मू, सम्पत चौधरी सहित अन्य लोगों ने बताया कि पुल अधूरा रहने से क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। ग्रामीणों ने पुल की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि समय रहते इसकी जांच और निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो संरचना की स्थिति और खराब हो सकती है।

ग्रामीणों ने सांसद एवं बलरामपुर विधायक से पुल का स्थलीय निरीक्षण कर इसकी स्थिति की जांच कराने, निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने तथा दोनों ओर एप्रोच सड़क सहित पुल का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है।

अब देखना यह है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि ग्रामीणों की इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और वर्षों से अधूरे पड़े इस पुल का निर्माण कब तक पूरा हो पाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post