लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को छठ व्रतियों ने पूरी श्रद्धा, निष्ठा और हर्षोल्लास के साथ खरना पर्व मनाया। इस अवसर पर सुबह से ही घरों में पूजा-पाठ और प्रसाद तैयार करने की तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रतियों ने दिनभर उपवास रखा और संध्या के समय विधि-विधान के साथ भगवान भास्कर एवं छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इसके बाद खरना का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया।
खरना पर्व को लेकर व्रतियों ने घरों में विशेष साफ-सफाई और पवित्रता का ध्यान रखा। मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर और रोटी सहित पारंपरिक प्रसाद तैयार किया गया। पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया तथा परिवार के सदस्यों और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोगों में विशेष उत्साह देखा गया।
वहीं, रविवार को महापर्व के तीसरे दिन छठ व्रती विभिन्न छठ घाटों और तालाबों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसको लेकर घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
इधर, पूरे कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र में छठ गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। घरों से लेकर बाजारों और छठ घाटों तक महापर्व की रौनक देखने को मिल रही है। श्रद्धालु पूरी आस्था और उत्साह के साथ छठ पूजा की तैयारियों में जुटे हैं।
Post a Comment