पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की 513 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मौलानी गांव निवासी 25 वर्षीय रहीम, पिता अजीजुल हक और 27 वर्षीय जाकिर हुसैन, पिता संजु के रूप में हुई है।
एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि एसपी संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के पनासी हाट के पास एक मोटरसाइकिल से स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना पर एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पनासी हाट के पास छापेमारी की। पुलिस को देखते ही काले रंग की अपाची बाइक सवार दोनों आरोपित भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान रहीम के पास से 513 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध पहाड़कट्टा थाने में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। उनके पास से बरामद मोबाइल फोन का तकनीकी अनुसंधान किया जा रहा है, ताकि गिरोह में शामिल अन्य तस्करों का पता लगाया जा सके। साथ ही आरोपितों की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।
Post a Comment