पोठिया पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले से चोरी के करीब 401 ग्राम चांदी के आभूषण और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने पोठिया थाना क्षेत्र में गृहभेदन के चार मामलों का उद्भेदन करने का दावा किया है।
ठाकुरगंज एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरोह के सदस्य दिन में घरों की रेकी करते थे और रसोईघर में रखे खाने में नशीला पदार्थ मिला देते थे। इससे घर के सदस्य बेहोश हो जाते थे। इसके बाद रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को पनासी वार्ड संख्या-15 निवासी अनवरी बेगम के बंद घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में पोठिया थाना कांड संख्या 381/2026 दर्ज किया गया था। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों में पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के पोखरपाड़ा निवासी फोजील उर्फ फोचो (50), चोपड़ा थाना क्षेत्र के ललितगच्छ निवासी राजेश राय (28) और किशनगंज जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के पनासी निवासी नीलोफर (19) शामिल हैं।
आरोपितों की निशानदेही पर पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से उत्तर दिनाजपुर जिले के लाल बाजार थाना क्षेत्र के दासपाड़ा स्थित एक आभूषण दुकान से चोरी के चांदी के जेवरात बरामद किए गए। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और शेष सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।
Post a Comment