Top News

शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में घर जलकर राख, 50 हजार नकद समेत लाखों की संपत्ति नष्ट


मुरलीगंज थाना क्षेत्र के रामपुर पंचायत स्थित वार्ड संख्या-13 में शुक्रवार की शाम शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गई। इस अगलगी में अनमोल यादव का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से घर में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद, कपड़े, बर्तन, अनाज, फर्नीचर सहित लाखों रुपये मूल्य के घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

पीड़ित गृहस्वामी अनमोल यादव, पिता स्वर्गीय भूपेंद्र यादव ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखे सामान को बचाने का मौका तक नहीं मिला। इस घटना में नकदी समेत घर का सारा जरूरी सामान जलकर राख हो गया।

अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने-पीने की समस्या खड़ी हो गई है। घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस संबंध में अंचलाधिकारी किसलय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजकर क्षति का आकलन कराया गया है। एक परिवार का घर जला है। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रावधानों के अनुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post