कटिहार। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। कुरसेला थाना क्षेत्र के नवाबगंज हरिजन टोला स्थित एक घर में छापेमारी कर पुलिस ने 48 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में कथित रूप से शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर मिली। जानकारी के अनुसार, कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार को सूचना मिली थी कि नवाबगंज हरिजन टोला स्थित एक घर में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना की पुष्टि के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चिन्हित घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के अंदर से 48 किलो गांजा बरामद हुआ।
इस मामले में पुलिस ने रंजनी देवी, पति भगत लाल मुनी, निवासी नवाबगंज हरिजन टोला, थाना कुरसेला, जिला कटिहार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस अवैध कारोबार में दो अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
तस्करी के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
घर के अंदर इतनी बड़ी मात्रा में गांजा मिलने के बाद पुलिस अब इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है। जांच की जा रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी, इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को उम्मीद है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद तस्करी से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं।
नशे के कारोबारियों को पुलिस की चेतावनी
कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस धंधे में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गिरफ्तार महिला से पूछताछ और मामले की आगे की जांच की जा रही है। पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
Post a Comment