मुरलीगंज/मिथिलेश कुमार
मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र के सिंगयान गांव में गुरुवार की शाम करीब छह बजे धार के पास एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। मृतक की पहचान रजनी पंचायत के वार्ड संख्या-9 निवासी सतीश कुमार सिंह उर्फ डब्लू (35) के रूप में हुई है।परिजन गंभीर हालत में सतीश कुमार सिंह को मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है
ट्रैक्टर पर सवार रूपेश कुमार सिंह ने बताया कि वे दिबरा बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिंगयान गांव में धार के पास एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सतीश को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।इस संबंध में थानाध्यक्ष अकमल हुसैन ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


Post a Comment