शादी-विवाह हो या बार बालाओं का डांस, सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियार लहराकर खुद को दबंग दिखाने का चलन चिंता का विषय बनता जा रहा है। ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस कार्रवाई भी करती है, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। पूर्णिया जिले के बनमनखी में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। अश्लील गानों पर डांसरों के साथ डांस करने के दौरान देशी कट्टा लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है।मामला बनमनखी थाना क्षेत्र के धीमा गांव के वार्ड संख्या-20 काहै। पुलिस के अनुसार, यहां बिना वैध अनुज्ञप्ति के एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक अश्लील गानों पर डांसरों के साथ डांस कर रहे थे इसी बीच एक युवक हाथ में देशी कट्टा लहराता हुआ दिखाई दिया।कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और वीडियो का सत्यापन कराया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने प्रेस वार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर वायरल वीडियो का सत्यापन कराया गया था इसके बाद बनमनखी थाना कांड संख्या 318/26 दर्ज किया गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त सुंदरम कुमार,पिता दिवाकर सिंह उर्फ मंटुन, निवासी धीमा वार्ड संख्या-20, थाना बनमनखी, जिला पूर्णिया को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवक कौन हैं और इस घटना में उनकी क्या भूमिका थी।पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 323, 296 एवं 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)/9/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।छापेमारी दल में बनमनखी थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक विजय कुमार यादवेन्दु, अपर थानाध्यक्ष ऋषि यादव, पुलिस अवर निरीक्षक ज्योति चौरसिया, संजय कुमार और संजीव कुमार सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल थशादी-विवाह और मनोरंजन के नाम पर आयोजित कार्यक्रमों में हथियार लहराने की घटनाएं गंभीर सवाल खड़े करती हैं। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने या दबंगई दिखाने के लिए हथियारों का प्रदर्शन न केवल कानून का उल्लंघन हो सकता है, बल्कि इससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।बनमनखी में इस मामले में एक आरोपित की गिरफ्तारी और देशी कट्टा बरामद होने के बाद पुलिस अब अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई अनुसंधान के आधार पर की जा रही है।अब देखना होगा कि जांच के दौरान कार्यक्रम के आयोजकों और वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य लोगों की भूमिका को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर शुरू हुई कार्रवाई में पुलिस को एक आरोपित की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के रूप में सफलता मिली है।


Post a Comment