किशनगंज/सिटी हलचल न्यूज़
पूर्णिया के गुलाबबाग निवासी एक व्यापारी से 4 करोड़ 89 लाख 18 हजार 697 रुपये की कथित धोखाधड़ी और बकाया राशि मांगने पर हत्या की धमकी देने के मामले में पुलिस ने किशनगंज के व्यवसायी राहुल कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। गुरुवार सुबह पूर्णिया पुलिस ने किशनगंज पुलिस के सहयोग से एनएच-27 किनारे स्थित हनुमान राइस एंड ऑयल मिल में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा। टाउन थाना में आवश्यक पूछताछ के बाद पूर्णिया पुलिस उसे अपने साथ ले गई। आरोपी को पूर्णिया न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।मामले में गुलाबबाग निवासी शोभित कुमार अग्रवाल ने राहुल कुमार अग्रवाल, उसकी पत्नी प्रिया अग्रवाल और चाचा संदीप अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और अमानत में खयानत की शिकायत पूर्णिया सदर थाना में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कांड संख्या 441/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान राहुल अग्रवाल की संलिप्तता सामने आने के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई।
व्यापार के नाम पर लिया था करोड़ों का माल
शिकायत के अनुसार, शोभित के पिता संजीत कुमार अग्रवाल गुलाबबाग में पान मसाला, रजनीगंधा और तुलसी जर्दा के वितरक हैं। पिता की तबीयत खराब रहने के कारण शोभित उनके साथ कारोबार में हाथ बंटाता है। इसी दौरान उसका कारोबारी संबंध राहुल अग्रवाल से बना।आरोप है कि 8 जून 2026 को राहुल अग्रवाल, उसकी पत्नी प्रिया अग्रवाल और चाचा संदीप अग्रवाल गुलाबबाग स्थित शोभित के कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने अपने व्यवसाय के लिए पान मसाला, रजनीगंधा और तुलसी जर्दा खरीदने की बात कही थी। राहुल और संदीप की किशनगंज में आरएम वेयर हाउस नामक साझेदारी फर्म है, जिसमें प्रिया अग्रवाल भी शामिल हैं।शिकायत के मुताबिक, 9 और 10 जून को शोभित ने फर्म को पान मसाला, रजनीगंधा और तुलसी जर्दा की आपूर्ति की। इसके बाद फर्म पर कुल 4,89,18,697 रुपये बकाया हो गए।
रुपये मांगने पर दी हत्या की धमकी
शोभित का आरोप है कि बकाया राशि मांगने पर तीनों आरोपी टालमटोल करने लगे। वह कई बार रुपये मांगने किशनगंज भी गया, लेकिन हर बार उसे बहाने बनाकर लौटा दिया गया। आरोप है कि बकाया भुगतान के लिए दबाव बनाने पर राहुल अग्रवाल ने उसे हत्या की धमकी दी और रुपये लौटाने से इनकार कर दिया।इसके बाद शोभित ने पुलिस से शिकायत की। मामले में कार्रवाई करते हुए पूर्णिया पुलिस ने किशनगंज पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment