Top News

मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना को दुर्गा मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

मुरलीगंज /मिथिलेश कुमार 

शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना के लिए मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। मंदिरों में घंटियों की गूंज और मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।शहर के बड़ी दुर्गा मंदिर, रामजानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर और स्टेशन रोड स्थित मंदिर सहित रामपुर, कोल्हायपट्टी, पोखराम, जीतापुर-दीनापट्टी, नवटोल, भतखोड़ा, तमौट परसा और खाड़ी स्थित दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की


महिलाओं और युवतियों ने पूजा की थाली लेकर मां के दर्शन किए और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।रामपुर स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने दीप जलाकर मां कूष्मांडा की आराधना की और उनका आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कूष्मांडा की पूजा से सुख, समृद्धि और ऊर्जा की प्राप्ति होती है। नवरात्र के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना का विशेष महत्व है। इसे लेकर क्षेत्र के विभिन्न पूजा स्थलों पर भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post