दिघलबैंक। प्रखंड क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल कार्यालय, दिघलबैंक का संचालन शुरू हो गया है। इससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी।
नए कार्यालय के शुरू होने से बिजली बिल में गड़बड़ी, नए कनेक्शन, विद्युत आपूर्ति और रखरखाव से संबंधित शिकायतों के लिए उपभोक्ता सीधे दिघलबैंक कार्यालय से संपर्क कर सकेंगे। इससे बिजली संबंधी कार्यों के लिए बहादुरगंज कार्यालय पर निर्भरता कम होगी और उपभोक्ताओं को विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
कार्यालय के संचालन से शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया भी आसान होने की उम्मीद है। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए दिघलबैंक स्थित विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल कार्यालय से संपर्क करने की अपील की है।
नए कार्यालय के उद्घाटन समारोह में विद्युत अधीक्षण अभियंता प्रदीप कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता बहादुरगंज विभाष कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता किशनगंज विशाल कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता सिविल डिविजन किशनगंज शेखर कुमार, सहायक विद्युत अभियंता परमीत रंजन, कनीय विद्युत अभियंता अभय कुमार और कनीय विद्युत अभियंता सीताराम प्रजापति सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
Post a Comment