Top News

जलालगढ़ ओवरब्रिज पर ट्रक की टक्कर से चालक की मौत, खलासी गंभीर


 जलालगढ़ थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज पर बीती रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 63 वर्षीय ट्रक चालक विशनाथ पासवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने टक्कर मारने वाले ट्रक के चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल खलासी का इलाज राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया में चल रहा है।

मृतक सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग मेला ग्राउंड निवासी चलितर पासवान के पुत्र थे। उनके बेटे मुन्ना पासवान और मंटू पासवान ने बताया कि उनके पिता ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। जलालगढ़ ओवरब्रिज के पास उनका ट्रक खराब हो गया था। इसके बाद उन्होंने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और उसकी देखरेख कर रहे थे। इसी दौरान विशनाथ पासवान और खलासी सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में विशनाथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को जीएमसीएच पहुंचाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पकड़े गए ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।

दो बेटे और एक बेटी के पिता थे विशनाथ

विशनाथ पासवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जलालगढ़ पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post