Top News

पुआल के ढेर में छिपे सांप ने महिला को डसा, अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम

घरेलू काम करने के दौरान जहरीले सांप के काटने से 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के गुवाबाड़ी निवासी मेहनाज बेगम, पति अंसार आलम के रूप में हुई है। सोमवार को सदर अस्पताल में चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह मेहनाज बेगम मवेशियों के लिए चारे का इंतजाम कर रही थी। इसी दौरान पुआल के ढेर में हाथ डालते ही उसमें छिपे जहरीले सांप ने उसे डस लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए बहादुरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।

सदर अस्पताल में चिकित्सक द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद रोते-बिलखते परिजन शव लेकर घर लौट गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post