Top News

महेशपुर में एक साल से बंद भवन निर्माण, कमरोल पंचायत सरकारी भवन में लटका ताला

बारसोई प्रखंड की महेशपुर पंचायत में बिहार सरकार भवन का निर्माण करीब एक साल से बंद है, जबकि कमरोल पंचायत सरकार भवन में आरटीपीएस काउंटर समेत पूरे भवन पर ताला लटका मिला। इससे ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

जानकारी के अनुसार, महेशपुर पंचायत में पिछले वर्ष पुरानी मार्केट की अतिक्रमित दुकानों और मकानों को हटाकर सरकारी जमीन खाली कराई गई थी। इसके बाद भवन का शिलान्यास हुआ, लेकिन निर्माण कार्य करीब एक साल से बंद है। निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित बोर्ड भी नहीं लगाया गया है।

महेशपुर पंचायत के मुखिया अयूब अली ने बताया कि संवेदक निर्माण कार्य बंद कर गायब हैं। उनसे कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। संबंधित पदाधिकारियों से भी संतोषजनक जानकारी नहीं मिली। उन्होंने उच्चाधिकारियों से बात कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग करने की बात कही।

महीने में एक-दो दिन खुलता है भवन

कमरोल पंचायत के ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सरकार भवन महीने में मुश्किल से एक-दो दिन ही खुलता है। नियमित संचालन नहीं होने से लोगों को जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य कार्यों के लिए प्रखंड कार्यालय जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने पदाधिकारियों और कर्मियों की नियमित उपस्थिति नहीं होने की भी शिकायत की। हालांकि, इस संबंध में संबंधित पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का पक्ष सामने नहीं आया है।

ग्रामीण मो. रिजाबुल, मो. हुसैन, संतोष कुमार रजक, माया कुमारी, सऊद आलम, अलीमुद्दीन, मिथुन दास, मास्टर नदीम, मोहन कुमार और असगर अली सहित अन्य लोगों ने महेशपुर में निर्माण कार्य पूरा कराने तथा कमरोल पंचायत सरकार भवन का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post