फलका थाना क्षेत्र के नाकी-दरमाही ग्रामीण सड़क पर शनिवार को ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में दरमाही गांव निवासी 17 वर्षीय अनिल हांसदा की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, अनिल अपने पिता हेमलाल हांसदा के साथ मक्का का बीज और खाद खरीदने रहटा चौक गया था। खरीदारी के बाद उसके पिता ऑटो से घर लौट रहे थे, जबकि अनिल बाइक से वापस आ रहा था। इसी दौरान नाकी और दरमाही गांव के बीच तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे अनिल की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसआई पिंकी कुमारी ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रैक्टर नाकी गांव निवासी बेचन मंडल का था, जिसे उनका बेटा बबलू कुमार चला रहा था। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पीरमोकाम पंचायत के मुखिया विनोद कुमार मिर्धा और भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अनुज कुमार मंडल ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Post a Comment