प्रखंड अंतर्गत पकिलपार गांव में रविवार की शाम शिव गुरु जल पानी प्लांट का विधिवत शुभारंभ किया गया। युवा व्यवसायी शत्रुघ्न कुमार द्वारा शुरू किए गए इस प्लांट का उद्देश्य स्थानीय लोगों को सस्ती दर पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। प्लांट के उद्घाटन से गांव के लोगों में हर्ष का माहौल है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुखिया डॉ. आलोक कुमार, सरपंच पंकज यादव, पंचायत समिति सदस्य सुभाष यादव एवं वार्ड सदस्य प्रतिनिधि पवन कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर प्लांट का उद्घाटन किया। इससे पहले विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मुखिया डॉ. आलोक कुमार ने नारियल तोड़कर प्लांट का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने युवा व्यवसायी शत्रुघ्न कुमार को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शत्रुघ्न कुमार मेहनती युवा हैं और उनका व्यवहार भी काफी अच्छा है। उन्हें उम्मीद है कि यह व्यवसाय सफल होगा और स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
अतिथियों ने कहा कि युवाओं को नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत से अपना व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बना जा सकता है। इस तरह की पहल से न केवल व्यवसाय करने वाले युवा को आर्थिक मजबूती मिलती है, बल्कि प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा होते हैं।
शिव गुरु जल पानी प्लांट की शुरुआत को गांव में स्वरोजगार की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इससे उन्हें सस्ती दर पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
Post a Comment