Top News

एसपी ने पोठिया थाने का किया औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने गुरुवार को पोठिया थाने का औचक निरीक्षण किया। दोपहर 12:30 बजे शुरू हुआ निरीक्षण करीब शाम चार बजे तक चला। इस दौरान एसपी ने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अभिलेखों की जांच कर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, मालखाना और हेल्प डेस्क का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में संधारित अभिलेखों एवं अपराध रजिस्टर की जांच करते हुए पुलिस कार्यों से संबंधित रिकॉर्ड का अवलोकन किया। साथ ही अभिलेखों के उचित रखरखाव और थाना की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया।

एसपी ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए थानाध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार को मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अनुसंधान को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और प्रत्येक मामले में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने और आम लोगों की शिकायतों पर गंभीरता से पहल करने को कहा। उन्होंने पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने पर भी जोर दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post