Top News

टेढ़ागाछ में 88 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद, बाइक छोड़कर फरार हुआ तस्कर



टेढ़ागाछ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की शाम शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नेपाली देसी शराब की 88 बोतलें बरामद कीं। पुलिस को पीछे आता देख बाइक सवार तस्कर पीपल चौक धवेली गांव के समीप बाइक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक और शराब को जब्त कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब 5:15 बजे एक बाइक सवार नेपाल की ओर से शराब लेकर आ रहा था। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर टेढ़ागाछ पुलिस ने उसका पीछा किया। पुलिस को नजदीक आते देख बाइक सवार पीपल चौक धवेली गांव के पास बाइक छोड़कर भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने बाइक की तलाशी ली, जिसमें डिक्की से नेपाली देसी शराब की 88 बोतलें बरामद हुईं। बरामद शराब की कुल मात्रा 26.4 लीटर बताई गई है।

इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि जब्त बाइक का पंजीकरण नंबर बीआर 37-9572 है। पुलिस ने शराब और बाइक को जब्त कर लिया है। साथ ही शराब तस्करी में संलिप्त व्यक्ति की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान कांस्टेबल अंकित राज सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयासों को बल मिला है।

Post a Comment

Previous Post Next Post