Top News

इंदिरा गांधी के विचारों और योगदान को कांग्रेसियों ने किया याद


बारसोई। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर शनिवार को बारसोई में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। बारसोई रेलवे गुमटी के समीप उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। वहीं, चिकनीटोला चौक पर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मो. शाहनवाज के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए।

रेलवे गुमटी पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेता नगीना यादव ने कहा कि इंदिरा गांधी का बलिदान और देश के लिए उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। कांग्रेस नेता आफताब ताज ने कहा कि वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारत की जीत और बांग्लादेश के गठन में इंदिरा गांधी की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

बलरामपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मो. हसनैन ने कहा कि देश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा गांधी ने अपनी अलग पहचान बनाई। प्रोफेसर शकलेन अहमद ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और साहस के कारण उन्हें आयरन लेडी कहा जाता था। प्रखंड संयोजक अब्दुल कादिर ने कहा कि 31 अक्टूबर 1984 को उनकी हत्या देश के इतिहास की दुखद घटना थी।

चिकनीटोला चौक पर मो. शाहनवाज ने कहा कि इंदिरा गांधी ने गरीबों और वंचितों के उत्थान के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दोनों कार्यक्रमों में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नैयार आलम, जावेद आलम, कासिम अली, दिलनवाज, राम कुमार, नदीम हैदर, शाहबाज दीदार, मो. मेराज, नाजिम साहेब, बहादुर, जहांगीर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post