महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित संबंध के आरोप में ठाकुरगंज के भंकरद्वारी निवासी 33 वर्षीय मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर को मुंबई के माहिम इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथ फैलाने, राष्ट्रविरोधी सामग्री साझा करने और सांप्रदायिक तनाव भड़काने की साजिश रचने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी सामग्री और मसूद अजहर के ऑडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद जांच एजेंसियां उसके संपर्क में रहे लोगों की गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही हैं।
बताया जाता है कि हसन पिछले दस वर्षों से मुंबई में रह रहा था। वहां वह इत्र बेचने के साथ रैपिडो बाइक चलाने का काम करता था। उसके गांव में मां और भाभी रहती हैं, जबकि पिता इलाज के सिलसिले में दिल्ली गए हुए हैं। परिवार में छह भाई और दो बहनें हैं। हसन छह भाइयों में तीसरे नंबर पर है और अब तक उसकी शादी नहीं हुई है।
परिजनों के अनुसार, हसन ने स्थानीय मदरसे से प्रारंभिक शिक्षा लेने के बाद हिफ्ज-ए-कुरान की पढ़ाई की थी। कई वर्ष पहले परिजनों के साथ विवाद के बाद वह घर छोड़कर मुंबई चला गया था। करीब चार वर्ष पहले मंझले भाई की शादी में वह गांव लौटा था, लेकिन उसके बाद वापस घर नहीं आया। हालांकि, वह कभी-कभी परिजनों को रुपये भेजता रहता था।
Post a Comment