Top News

भीषण अगलगी में विधवा का घर और पशुधन राख, दो गाय झुलसीं

 बहादुरगंज प्रखंड की मोहम्मदनगर पंचायत के बालूवाड़ी स्थित वार्ड संख्या तीन में देर रात आग लगने से एक गरीब विधवा का घर और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। अगलगी में दो बकरी और 25 मुर्गियों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो गाय गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद शनिवार को अंचल कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

पीड़िता मेहरुन निसा, पति स्वर्गीय सजेबुल रहमान ने शनिवार को थाने में आवेदन देकर बताया कि देर रात अचानक उनके घर में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा अनाज, कपड़ा और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के समय वह घर में सो रही थीं। आग लगने पर ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान उन्हें कोई चोट नहीं आई।

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का सामान और पशुधन जलकर नष्ट हो चुका था। पीड़िता और उनके बेटे मुजाहिद आलम ने बताया कि परिवार का भरण-पोषण पशुपालन से होता था। इस घटना से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

पीड़िता ने प्रशासन से जांच कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। इधर, अंचल अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर अंचल कर्मचारी को मौके पर भेजा गया था। मामले की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post