Top News

चरखी के समीप हाइवा-टोटो की जोरदार टक्कर, आईटीबीपी जवान समेत दो घायल


कोढ़ा थाना क्षेत्र के चरखी के समीप हाइवा और टोटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टोटो पर सवार दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोढ़ा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कोढ़ा के चथेरियापीर चौक के समीप स्थित आईटीबीपी कैंप में तैनात 55 वर्षीय जवान शैलेन्द्र दत्त अवकाश लेकर दुर्गा पूजा मनाने जा रहे थे। उन्हें कटिहार रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए टोटो से ले जाया जा रहा था। टोटो गेड़ाबाड़ी की ओर से जा रहा था। इसी दौरान चरखी के समीप कटिहार की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार हाइवा ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण टोटो पर सवार दो लोग घायल हो गए।

**पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त**

हादसे की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा और टोटो को जब्त कर थाने ले आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस घटना के बाद एक बार फिर सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन और छोटी सवारी गाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं। हालांकि, हादसा किसकी लापरवाही से हुआ, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल दोनों घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post