Top News

काढ़ागोला घाट पर गंगा समग्र ने किया हरिशंकरी का पौधरोपण, चला स्वच्छता अभियान








शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी के पावन अवसर पर गंगा समग्र कटिहार (उत्तर बिहार) के स्वयंसेवकों ने काढ़ागोला गंगा घाट पर हरिशंकरी के पौधों का रोपण किया। इसके तहत बरगद, पीपल और पाखर के पौधे लगाए गए। इस दौरान गंगा घाट पर स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान भी चलाया गया। खास बात यह रही कि गंगा समग्र के स्वयंसेवकों ने लगातार 405वें रविवार को भी गंगा की स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प दोहराया।कार्यक्रम के दौरान महिला श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट किनारे पुनः चेंजिंग रूम का निर्माण कराया गया, ताकि गंगा स्नान के लिए आने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस अवसर पर वृंदावन से पधारे भागवत कथावाचक कथा व्यास वैष्णव कुलभूषण श्रद्धेय संजयकृष्ण महाराज एवं उनके सहयोगियों ने भी अभियान में हिस्सा लिया। महाराज ने गंगा समग्र के स्वयंसेवकों के निस्वार्थ सेवा कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि काढ़ागोला घाट पर लगातार स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाना और नदियों के किनारे पौधरोपण करना पूरे बिहार के लिए प्रेरणास्रोत है। महाराज ने नदियों के महत्व को समझाते हुए कहा कि जिस प्रकार मानव शरीर में नसें होती हैं, उसी प्रकार नदियां धरती और समाज की जीवनधाराएं हैं। शरीर की नसें स्वस्थ रहेंगी, तभी शरीर स्वस्थ रहेगा। इसी तरह नदियों के स्वच्छ रहने से ही समाज स्वस्थ और समृद्ध रह सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गंगा संरक्षण अभियान से जुड़ने और इसमें सहयोग करने की अपील की। साथ ही गंगा समग्र के स्वयंसेवकों को इस निरंतर प्रयास के लिए साधुवाद दिया।कार्यक्रम में जिला संयोजक नवीन चौधरी 'बाबा', जिला सह संयोजक मनोज साह, घाट प्रमुख राजकुमार साह, आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता, मनोज पंडित (राधे-राधे), सुशील राय, सुमन पासवान, मुनिलाल साह, प्रमोद पासवान सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post