Top News

भवानीपुर वार्ड-07 की सड़क जर्जर, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी; मरम्मत की मांग


बारसोई (कटिहार)। प्रखंड बारसोई के भवानीपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-07 में भवानीपुर को मुख्य राज्य मार्ग (एसएच) से जोड़ने वाली ग्रामीण सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। सड़क की बदहाली के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पंचायत के पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। लिखित सूचना देने के साथ-साथ आमसभा एवं ग्रामसभा में भी सड़क की समस्या उठाई गई, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क की खराब स्थिति का सबसे अधिक खामियाजा बीमार मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं, किसानों एवं व्यापारियों को अपने कामकाज में परेशानी होती है। स्कूली बच्चों और आंगनबाड़ी केंद्र जाने वाले नौनिहालों को भी प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का दावा है कि जर्जर सड़क के कारण कई बार बाइक और साइकिल सवार राहगीर दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं।

ग्रामीण समाजसेवी मो शकील, मो अंसार आलम, शंकर राय, लालमिया, मो नसीम, डॉ सफील्लाह, मिथुन राय, श्यामल राय, मो फहीम, हाफिज हेलाल, इमदादुल्लाह, मो जफिर, मास्टर दिलशाद, आदि l ने बताया कि सड़क की बदहाली को लेकर सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से भी आवाज उठाई गई तथा संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यह सड़क केवल भवानीपुर पंचायत के लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों के लोगों के आवागमन का भी महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके बावजूद सड़क की अनदेखी होना चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं जिम्मेदार अधिकारियों से अविलंब सड़क की स्थिति का जायजा लेकर मरम्मत अथवा नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो आगामी पंचायत चुनाव में जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से इस मुद्दे पर जवाब मांगा जाएगा। अब देखना यह है कि ग्रामीणों की इस समस्या पर संबंधित विभाग कब तक संज्ञान लेता है और सड़क निर्माण की दिशा में पहल करता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post