Top News

बीआर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में डांडिया उत्सव, छात्राओं ने दी मनमोहक प्रस्तुति


मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या एक स्थित काशीपुर रोड के आवासीय बीआर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में शुक्रवार की देर शाम डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत की मुख्य पार्षद सर्जना सिद्धि, लायंस क्लब उड़ान के पूर्व जोन चेयरपर्सन डॉ. रुपेश कुमार, जोन चेयरपर्सन सह विद्यालय निदेशक डॉ. मानव कुमार सिंह और प्राचार्य डॉ. मौसम सिंह सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उत्सव के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने एक से बढ़कर एक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी छात्राओं की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों ने भी डांडिया की धुन पर जमकर ठुमके लगाए।

विद्यालय के निदेशक डॉ. मानव कुमार सिंह ने बताया कि दशहरे के अवसर पर गुजरात में डांडिया का विशेष महत्व है। बच्चों को गुजरात की संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने के उद्देश्य से विद्यालय में इस उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों और उनकी माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों और डांडिया नृत्य में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर राकेश सिंह, कुमार गौरव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं और उनके अभिभावक मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post