Top News

कृषि विज्ञान केंद्र के देसी कोर्स में 38 विद्यार्थी सफल, अजय चौहान को मिला गोल्ड मेडल


कृषि विज्ञान केंद्र, कटिहार द्वारा संचालित देसी कोर्स (डिप्लोमा इन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन सर्विसेज फॉर इनपुट डीलर्स) सत्र 2025-26 में जिले के 38 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। एक वर्षीय इस पाठ्यक्रम में कुल 40 विद्यार्थी नामांकित थे, जिनमें से 38 ने सफलतापूर्वक पाठ्यक्रम पूरा किया। वहीं, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी अजय चौहान को गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कृषि उत्पादन विक्रेताओं को कृषि विस्तार सेवाओं से संबंधित तकनीकी जानकारी और व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस पाठ्यक्रम का संचालन किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र, कटिहार की प्रधान सह वरीय वैज्ञानिक डॉ. मीनाल वर्मा के मार्गदर्शन में पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

पाठ्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों, कृषि उत्पादन तथा किसानों को बेहतर कृषि परामर्श देने से संबंधित आवश्यक जानकारी और ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिला। इसका उद्देश्य कृषि उत्पादन विक्रेताओं की तकनीकी दक्षता बढ़ाना और उन्हें किसानों तक उपयोगी कृषि संबंधी जानकारी पहुंचाने में सक्षम बनाना है।

पाठ्यक्रम में अजय चौहान का उत्कृष्ट प्रदर्शन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बना है। इस उपलब्धि से कृषि विज्ञान केंद्र, कटिहार के कृषि क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन विकसित करने के प्रयासों को भी मजबूती मिली है।

Post a Comment

Previous Post Next Post