बारसोई अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार की अध्यक्षता में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के डीलरों की विशेष बैठक हुई। बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) राजे भी मौजूद रहे। इस दौरान राशन वितरण में आ रही तकनीकी बाधाओं, ई-पॉश मशीन की समस्याओं और लाभुकों को हो रही परेशानियों पर चर्चा की गई।
बैठक में राशन कार्डधारकों से 17 अक्टूबर को ई-केवाईसी कराने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि जिन पुराने और नए राशन कार्डधारकों की ई-केवाईसी अब तक पूरी नहीं हुई है, वे आधार कार्ड और राशन कार्ड अथवा आरसी नंबर लेकर नजदीकी जन वितरण प्रणाली दुकान पर पहुंचें और प्रक्रिया पूरी कराएं।
बैठक में बताया गया कि ई-केवाईसी और आधार लिंकिंग से राशन वितरण की प्रक्रिया सुगम होती है। वहीं, वन नेशन, वन राशन कार्ड व्यवस्था के तहत पात्र लाभुक देश के किसी भी हिस्से में सरकारी राशन दुकान से अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं। इससे खासकर प्रवासी मजदूरों को लाभ मिलता है।
इधर, डीलर संघ के अध्यक्ष मो. आफताब आलम ने कहा कि ई-पॉश मशीन और तकनीकी व्यवस्था में आ रही समस्याओं के कारण राशन वितरण प्रभावित होता है। इससे डीलरों को लाभुकों की नाराजगी झेलनी पड़ती है। उन्होंने दुर्गा पूजा से पहले डीलरों की मार्जिन मनी का भुगतान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान होने से त्योहार के दौरान डीलरों को आर्थिक सहूलियत मिलेगी।
बैठक में दुलाल चन्द्र साह, श्यामा मजूमदार, प्रशांत, मो. सद्दाम, मो. नसीम, मो. तैयब अली, कृष्ण कुमार दास और सागर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Post a Comment