Top News

दुर्गा पूजा में हुड़दंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएसपी



 दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बारसोई पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की तैयारी की है। बारसोई के डीएसपी मंगलेश सिंह ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने, हुड़दंग मचाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीएसपी ने बताया कि मंदिरों, पूजा पंडालों और मेला स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती के साथ रात में गश्ती तेज रखी जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जाएगी, ताकि अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

**डीजे बजाने और नशे में हुड़दंग करने पर सख्ती**

डीएसपी मंगलेश सिंह ने बताया कि पूजा पंडालों में डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। नशे या शराब का सेवन कर मेला अथवा पूजा पंडाल पहुंचने और हुड़दंग मचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने की भी बात कही गई। पुलिस का उद्देश्य है कि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना करें और मेले का आनंद उठा सकें।

**अफवाहों पर ध्यान न दें, पुलिस को दें सूचना**

डीएसपी ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे सोशल मीडिया पर साझा करें। किसी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें।

उन्होंने बारसोई के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के संवाददाताओं और रिपोर्टरों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन के साथ आम जनता और मीडिया की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सभी के सहयोग से त्योहार को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण बनाया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post