Top News

खेत में साजिश! गोभी की नर्सरी में दवा डालकर फसल चौपट


मधेपुरा जिले के मुरलीगंज प्रखंड अंतर्गत पकिलपार गांव में अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोभी की नर्सरी में कथित रूप से खरपतवार नाशक दवा डाल देने का मामला सामने आया है। घटना वार्ड संख्या-4 की है, जहां पूरी नर्सरी नष्ट हो जाने से किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

पीड़ित किसान पिंटू कुमार यादव ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी गोभी की नर्सरी में खरपतवार नाशक दवा डाल दी। दवा के असर से नर्सरी में तैयार सभी पौधे मुरझाकर नष्ट हो गए।

किसान के अनुसार, करीब एक महीने की मेहनत से गोभी की नर्सरी तैयार की गई थी। इन पौधों की रोपाई के लिए लगभग दो बीघा खेत भी तैयार कर लिया गया था। नर्सरी नष्ट होने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है और इस सीजन की पूरी गोभी की खेती प्रभावित हो सकती है।

घटना के बाद किसान ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने, उनके खिलाफ कार्रवाई करने तथा उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। इस घटना से क्षेत्र के अन्य किसानों में भी चिंता और आक्रोश का माहौल है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि किसान से फोन पर घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post