कुरसेला प्रखंड के उत्तरी मुरादपुर पंचायत में शनिवार को अंचल पदाधिकारी अनुपम कुमारी ने चार महादलित परिवारों के बीच भूमि का पर्चा वितरित किया। पर्चा मिलने के बाद लाभुक परिवारों में खुशी का माहौल रहा।
अंचल पदाधिकारी अनुपम कुमारी ने बताया कि जरलाही पंचायत के 10 परिवारों के लिए भी भूमि पर्चा वितरण की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सभी लाभुक परिवारों को भूमि का पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा।
मौके पर उत्तरी मुरादपुर पंचायत के मुखिया अविनाश सिंह, राजस्व कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लाभुक परिवारों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि पात्र परिवारों को नियमानुसार भूमि संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को भूमि का अधिकार उपलब्ध कराकर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
Post a Comment