Top News

“आपका बच्चा पढ़ा-लिखा है तो बायोडाटा भेजिए… 10 हजार युवाओं को नौकरी देंगे” — प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान

पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद जन सुराज के सूत्रधार और नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर मंगलवार को पहली बार बड़े स्तर पर अपने क्षेत्र की जनता के बीच पहुंचे। उन्होंने अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और कई बड़े वादे किए। सबसे बड़ा ऐलान उन्होंने युवाओं के रोजगार को लेकर किया। प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के कम से कम 10 हजार युवाओं को अगले एक साल में निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने युवाओं और अभिभावकों से कहा कि जिनके बच्चे पढ़े-लिखे हैं, वे उनका बायोडाटा प्रशांत किशोर के कार्यालय में जमा करें। उन्होंने दावा किया कि देशभर में उनके संपर्क में मौजूद कंपनियों और संस्थानों से बिहार के युवाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा।
प्रशांत किशोर ने कहा, "आपका बच्चा पढ़ा है तो उसका बायोडाटा मेरे ऑफिस में दीजिए। कम से कम 10 हजार बच्चों को यहां से नौकरी लगाने की व्यवस्था तुरंत करेंगे। बिहार के किसी विधानसभा क्षेत्र से अगर सबसे ज्यादा किसी को नौकरी मिलेगी तो बांकीपुर के लोगों को ही मिलेगी।"
उन्होंने कहा कि देशभर में जितने लोगों और संस्थानों से उनका संपर्क है, उनसे बिहार के युवाओं को नौकरी देने की अपील की गई है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जब बिहार में जन सुराज की व्यवस्था बनेगी तो युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
राशन कार्ड से लेकर पेंशन तक पर भी पीके का बड़ा दावा
जनता से संवाद के दौरान प्रशांत किशोर ने राशन कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन को लेकर भी बड़ा दावा किया। यारपुर राजपूताना गोपाल शरण सिंह पथ में आयोजित आभार सभा में उन्होंने कहा कि लोगों ने उनसे उम्मीद की है कि उनके जीतने के बाद जीवन में बदलाव आएगा और यह बदलाव पढ़ाई व रोजगार के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के लाभ में भी दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि तीन महीने का समय दिया जाए तो राशन कार्ड बनवाने में एक रुपये की भी रिश्वत नहीं लेने दी जाएगी। जिन लोगों के पास राशन कार्ड है, उन्हें पांच किलो अनाज मिलने की बात भी उन्होंने कही।
प्रशांत किशोर ने 60 वर्ष से अधिक उम्र के उन बुजुर्गों से भी आवेदन देने को कहा, जिन्हें 1100 रुपये की पेंशन नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग उनके कार्यालय में आवेदन दें और यह उनकी जिम्मेदारी होगी कि उन्हें पेंशन का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि पांच किलो अनाज और 1100 रुपये पेंशन के लिए लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। तीन महीने में व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया जाएगा।

"बांकीपुर के रिजल्ट के बाद एनकाउंटर नहीं, पढ़ाई-रोजगार की बात हो रही"
प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने जनता से कहा था कि यदि भाजपा को हराया जाता है तो बिहार की राजनीति और सरकार के काम करने का तरीका बदलेगा। पीके ने कहा कि "जब से बांकीपुर का रिजल्ट आया है, बिहार में एनकाउंटर की बात नहीं हो रही है। रोज पढ़ाई और रोजगार की बात हो रही है। ये आपके वोट की ताकत है।" उन्होंने दावा किया कि उनके चुनाव जीतने के बाद सरकार और सत्ता पक्ष के नेताओं के कामकाज के तरीके में बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि जनता जाग गई है और अब राजनीतिक दल भी पढ़ाई और रोजगार की बात करने लगे हैं।
"सालभर में सरकारी स्कूल सुधरे, नहीं तो प्राइवेट स्कूल की फीस की चिंता मत करें"
शिक्षा के मुद्दे पर प्रशांत किशोर ने बांकीपुर की जनता से एक और बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि सालभर के भीतर सरकारी विद्यालयों की स्थिति बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी विद्यालयों की स्थिति एक साल में नहीं सुधरी तो बच्चों को प्राइवेट स्कूल में पढ़ाया जाएगा और उनकी फीस की चिंता अभिभावकों को नहीं करनी होगी। प्रशांत किशोर ने कहा कि "साल भर के अंदर या तो सरकारी विद्यालय बहुत अच्छा हो जाएगा या यदि अच्छा नहीं हुआ तो सालभर के बाद आपका बच्चा प्राइवेट विद्यालय में पढ़ेगा। उसकी फीस का जिम्मा प्रशांत किशोर के जिम्मे रहेगा। उसके खर्च की चिंता आपको नहीं करनी है।"
उन्होंने कहा कि उनके लिए नौकरी, पढ़ाई, 1100 रुपये पेंशन और अनाज चार प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। इन चार मुद्दों पर व्यवस्था सुधारने के लिए उन्होंने जनता से समय मांगा और कहा कि बाकी समस्याओं के समाधान के लिए वे सरकार के साथ मिलकर काम करने का प्रयास करेंगे।


Post a Comment

Previous Post Next Post