Top News

गोबर गैस प्लांट की लापरवाही से सड़क पर फैली गंदगी, ग्रामीणों में आक्रोश



मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र की दिग्घी पंचायत के वार्ड संख्या-5 में स्थापित गोबर गैस प्लांट का टैंक शनिवार रात ओवरफ्लो हो गया। रविवार दोपहर करीब 12 बजे तक टैंक से निकलने वाला गोबर युक्त दूषित पानी मुख्य सड़क पर बहता रहा, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों के अनुसार, प्लांट से निकला दूषित पानी करीब 150 से 200 मीटर तक सड़क पर फैल गया। इससे सड़क पर पैदल चलना मुश्किल हो गया और पूरे इलाके में दुर्गंध फैलने से लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट के नियमित रखरखाव और निगरानी के अभाव में यह स्थिति उत्पन्न हुई।

स्थानीय ग्रामीण सनत कुमार सिंह, निखिल सिंह, राहुल यादव और गौतम कुमार सिंह ने बताया कि प्लांट से पहले से ही नियमित रूप से गैस की आपूर्ति नहीं हो रही है। अब टैंक ओवरफ्लो होने से गंदगी और दूषित पानी सड़क पर फैल गया है। उनका कहना है कि यदि समय-समय पर टैंक की सफाई और देखरेख होती, तो ऐसी नौबत नहीं आती।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल सफाई, दूषित पानी की निकासी और गोबर गैस प्लांट के नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।

बीडीओ ने दिए जांच के निर्देश

मामले पर मुरलीगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) गोपाल कृष्णन ने कहा कि उन्हें टैंक ओवरफ्लो होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी लेकर जांच कराई जाएगी और समस्या के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post