:
छात्र आंदोलन के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और क्षेत्र में शांति कायम रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को कुरसेला थाना पुलिस ने थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-31, मुख्य बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहा।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने आम लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी भ्रामक सूचना को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की सलाह दी गई।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, उपद्रव या कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शांति भंग करने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास कायम रखना तथा पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करना है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छात्र आंदोलन के दौरान स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
Post a Comment