सीमांचल में लगातार हो रही बारिश से नदियों के उफान पर रहने के कारण हादसों का सिलसिला जारी है। किशनगंज जिले के दौला पंचायत निवासी मोहम्मद यासीन का शव तीन दिन बाद पूर्णिया जिले के बायसी प्रखंड स्थित डंगराह पुल के समीप महानंदा नदी से बरामद किया गया। वे तीन दिन पहले मवेशियों को नदी पार कराने के दौरान तेज बहाव में बह गए थे।
जानकारी के अनुसार, घटना तीन दिन पूर्व शाम करीब चार बजे की है। मोहम्मद यासीन मवेशियों को महानंदा नदी पार करा रहे थे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में समा गए। देखते ही देखते वे लापता हो गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों, गोताखोरों एवं एसडीआरएफ की टीम ने लगातार तीन दिनों तक नदी में खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इस बीच परिजन भी आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में उनकी तलाश करते रहे।
सोमवार को बायसी प्रखंड के डंगराह पुल के नीचे स्थानीय लोगों ने नदी में एक शव बहता देखा। ग्रामीणों ने शव को किनारे रोककर इसकी सूचना पुलिस और एसडीआरएफ को दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान दौला पंचायत निवासी मोहम्मद यासीन के रूप में हुई।
बायसी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी। परिजनों ने बताया कि घटना की सूचना पहले ही किशनगंज जिला प्रशासन को दी जा चुकी थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज भेज दिया गया।
इधर, लगातार हो रही बारिश से सीमांचल की अधिकांश नदियां उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ के दौरान नदी पार करने या तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें।
Post a Comment